संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही मंडलीय हॉकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को लखनऊ और वाराणसी एवं झांसी और मिर्जापुर के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। मिर्जापुर और वाराणसी ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। हॉस्टल के लिए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में ट्रायल लिए जा रहे हैं जिसमें झांसी, आगरा, वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज सहित प्रदेश के अन्य मंडलों की टीम प्रतिभाग कर रही हैं। शुक्रवार को लखनऊ और वाराणसी एवं झांसी और मिर्जापुर के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें मिर्जापुर ने झांसी को और वाराणसी ने लखनऊ को मात दी। इसके साथ ही दोनों ही टीम फाइनल में पहुंच गईं। जिला क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने बताया कि आज होने वाले फाइनल के आधार पर ही टीम का चयन किया जाएगा।
झांसी की मुक्केबाजों ने पदक प्राप्त किए
झांसी। छत्रपति साहू जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम महाराजगंज में आयोजित हुई प्रदेश स्तरीय आमंत्रण सीनियर महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता में झांसी की पूनम प्रजापति ने स्वर्ण पदक, निदा खान ने रजत पदक व श्वेता पाल ने कांस्य पदक प्राप्त किया है। यह जानकारी क्षेत्रीय खेल अधिकारी सुरेश बोनकर ने दी। संवाद