अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। होली पर इस बार केसरिया गुलाल की डिमांड है। इसे देखते हुए झांसी के रंग कारोबारियों ने त्वचा रक्षक कुमकुम गुलाल तैयार किया है, जिसे अयोध्या, मथुरा, काशी (बनारस) जैसे प्रमुख धर्म स्थलों समेत देशभर के कई राज्यों में भेजा है। संपूर्ण बुंदेलखंड में झांसी का गुलाल बरसता है। इस बार गुलाल के दामों में पांच से दस फीसदी की बढ़ोतरी है, जिसका कारण कच्चे माल का महंगा होना बताया जा रहा है। 10 किलो के बड़े पैकेट के अतिरिक्त 100 ग्राम पैकेट में लाल, हरा, बैंगनी, केसरिया, गुलाबी, तोतई रंग का गुलाल बाजार में उपलब्ध है। रंग कारोबारी कैलाश चंद्र, गौरव और रामजी गुप्ता ने बताया कि जैसे-जैसे होली का त्योहार नजदीक आ रहा है, गुलाल की डिमांड बढ़ रही है।
होली पर लोग अब गीले रंगों से परहेज कर रहे हैं। इसलिए गुलाल की डिमांड बढ़ी है। त्वचा की रक्षा के लिए भी लोग जागरूक हुए हैं। इसलिए त्वचा रक्षक कुमकुम गुलाल तैयार किया गया है। इस बार सबसे अधिक डिमांड केसरिया गुलाल की है। यहां से मथुरा, बनारस, अयोध्या, गोरखपुर समेत कई धार्मिक नगरों में गुलाल भेजा गया है।
- विजय बड़ौनिया, थोक रंग कारोबारी
होली पर गुलाल की डिमांड बढ़ी है, 60 रुपये में 10 किलो गुलाल का पैकेट उपलब्ध है। पहले होली से कुछ महीने पहले से ही गुलाल की डिमांड शुरू हो जाती थी, लेकिन अब जैसे-जैसे होली का त्योहार निकट आ रहा है। गुलाल की डिमांड बढ़ रही है। संपूर्ण बुंदेलखंड समेत देशभर के कई राज्याें में गुलाल भेजा जाता है।
- राजा गहोई, थोक रंग कारोबारी