रानी कमलापति से दिल्ली की ओर जाते हुए मुरैना स्टेशन से पहले हुआ हादसा
ट्रेन के मशीन से टकराने के बाद ब्रेक पाइप टूटा, जोरदार धमाका सुन सहमे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। मुरैना के पास ट्रेन जोरदार धमाके के साथ वेल्डिंग मशीन से टकरा गई। धमाका सुनकर और झटका लगने से ट्रेन में सवार यात्री सहम गए। वहीं ट्रेन का ब्रेक पाइप टूट गया। आनन-फानन ट्रेन को मुरैना स्टेशन पर रोका गया और कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी व रेलकर्मियों ने मरम्मत कर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान ट्रेन लगभग एक घंटा मुरैना स्टेशन पर खड़ी रही।
बुधवार को रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन को जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 8:43 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से ग्वालियर के लिए रवाना हुई। इसके बाद ट्रेन 18 मिनट की देरी से सुबह 9:58 बजे ग्वालियर पहुंची और 10:03 बजे पर आगरा कैंट के लिए रवाना हुई। इसके बाद ट्रेन सुबह 10:28 बजे मुरैना स्टेशन से पहले मेन लाइन के पास रखी वेल्डिंग मशीन से टकरा गई। मशीन से टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतनी तेज था कि ट्रेन में बैठे यात्री अनहोनी की आशंका से सहम गए और चीख पुकार मच गई। वहीं, आवाज सुनकर लोको पायलट ने ट्रेन को मुरैना स्टेशन पर ही आननफानन रोक दिया।
इसके बाद लोको पायलट ने ट्रेन का मुआयना किया तो पता चला कि ट्रेन का ब्रेक पाइप टूट गया है। लोको पायलट ने झांसी कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे रेल अधिकारियों और कर्मियों ने ब्रेक पाइप की मरम्मत की और फिर ट्रेन को सुरक्षित गति से दिल्ली के लिए रवाना किया। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस मुरैना स्टेशन पर 57 मिनट खड़ी रही। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यात्रियों ने 17 बार दबाया पैनिक बटन
वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे ही मशीन से टकराई तो जोरदार धमाका सुनकर ट्रेन में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ऐसे में यात्रियों ने कोच के अंदर लगे आपातकालीन पैनिक बटन को दबाकर मदद मांगी। ट्रेन की कैब से सटे कोचों में सवार यात्रियों ने दो मिनट में 17 बार पैनिक बटन दबाया।
दरवाजे की ओर भागे यात्री
धमाका और हादसा होने की आशंका के चलते यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन के धीमे होते ही यात्री दरवाजों की ओर भागे लेकिन, ऑटोमैटिक डोर लॉकिंग सिस्टम होने के चलते गेट नहीं खुले।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ हादसा
वंदे भारत एक्सप्रेस की कैब के अंदर और इंजन के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में ट्रेन के वेल्डिंग मशीन से टकराने की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। ट्रेन के वापसी में भोपाल पहुंचने पर यहां रेल प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। वीडियो में दिखाई पड़ रहा है कि वेल्डिंग मशीन के पास खड़ा व्यक्ति ट्रेन को देखते ही मशीन छोड़कर लाइन से हट गया। इसके बाद ट्रेन मशीन से टकरा गई।
-
वर्जन
रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस के ब्रेक पाइप क्षतिग्रस्त होने से ट्रेन को मुरैना स्टेशन पर 57 मिनट के लिए रोका गया था। मरम्मत कार्य के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, झांसी।