झांसी - शिवपुरी पर धू - धू कर जलता वाहन।
झांसी। झांसी - शिवपुरी हाइवे पर दिनारा के पास लोडिंग गाड़ी में आग लगने से हड़कंप मच गया। गाड़ी में ब्रेड भरी हुई थी। आग लगने के बाद यातायात रोक दिया गया। रक्सा व दिनारा पुलिस ने पहुंचकर आग बुझवाने के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारु किया।
झांसी से ब्रेड भरकर एक लोडिंग गाड़ी मध्य प्रदेश के करैरा की तरफ रवाना हुई। अभी गाड़ी रक्सा से निकलकर करैरा की तरफ बढ़ रही थी, तभी अचानक लोडिंग गाड़ी में आग लग गई। गाड़ी में रखा पूरा सामान जलने लगा। आग देखकर यातायात रोक दिया गया। खबर मिलते ही रक्सा व दिनारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आने से पहले चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने आग को बुझाया। दिनारा पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया।