झांसी। विकास भवन में कोरोना वैक्सीन के संबंध में गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की साप्ताहिक बैठक में डीएम ने कहा कि कोविड टीकाकरण के प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाना है। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली जाएं। जो भी कोल्ड चेन प्वाइंट्स हैं, वहां रखे आइस लिन रेफ्रीजरेटर (आईएलआर) को देख लिया जाए। ताकि, जैसे ही कोविड वैक्सीन मिलती है, उसका भंडारण सही तरह से किया जाए।
वैक्सीन की सुरक्षा के लिए एसपी ग्रामीण को निर्देश दिए कि जनपद में स्थित 25 वैक्सीन कोल्ड चेन की प्वाइंट्स पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दें। जब वैक्सीन एक जगह से दूसरी जगह जाए तो उसके लिए सुरक्षाबल तैनात रहे। वैक्सीन सत्रों पर भी पुलिस सुरक्षा के निर्देश दिए। चयनित सुरक्षा कर्मचारियों की लिस्ट स्वास्थ्य विभाग को भी उपलब्ध करा दी जाए। सभी विभागों को दूसरे चरण के लिए निर्देश दिए कि अगले चरण में सभी विभागों के फ्रंटलाइन वर्कर का टीकाकरण किया जाना है। इसका डाटा जल्द से जल्द कोविन पोर्टल पर अपडेट कर दिया जाए। इसके अलावा सीएचसी में अनुपस्थित चिकित्सकों की सूचना एमओआईसी को उपलब्ध कराने के लिए कहा। बैठक में सीडीओ, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, एसपी ग्रामीण राहुल मिठास मौजूद रहे।