झांसी। बुधवार की सुबह थाना सीपरी बाजार इलाके में सड़क पर दौड़ती वैक्सीन वैन अचानक आग का गोला बन गई। घटना में ड्राइवर बाल-बाल बच गया।
बबीना विकासखंड के वैक्सीन सेंटरों पर बच्चों को लगाए जाने वाले नियमित टीकों की खुराक पहुंचाकर ड्राइवर कमलेश कुमार दीक्षित वैक्सीन वैन को लेकर बुधवार की सुबह वापस लौट रहा था। गाड़ी सीपरी बाजार इलाके की नंदनपुरा रोड पर पहुंची, तो वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों को वैन के नीचे से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। जबकि, ड्राइवर को इसकी भनक तक नहीं थी। वो अपनी रफ्तार से गाड़ी को भगाए चला जा रहा था। लोगों ने ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी। इस पर उसने तत्काल गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पहले अफवाह उड़ गई थी कि वैन में कोविड वैक्सीन रखी हुईं थीं, जो जलकर खाक हो गईं। लेकिन, बाद में सीएमओ ने स्पष्ट किया कि ड्राइवर बच्चों के नियमित टीकों की खुराक सेंटरों पर पहुंचाकर वापस लौट रहा था।