अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में राष्ट्रीय सीनियर हॉकी चैंपियनशिप के पांचवें दिन छह मैच खेले गए। इनमें तेलंगाना हॉकी, दादर एंड नगर हवेली व दमन दीव, मध्य प्रदेश, मणिपुर, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश की टीम ने जीत दर्ज की। मेजबान उत्तर प्रदेश ने बंगाल को 3-0 से हराकर अपने सफर की शानदार शुरुआत की। मुकाबले के दौरान पूरे मैच में मेजबान टीम बंगाल पर हावी रही। आखिरी में उत्तर प्रदेश की टीम शानदार जीत दर्ज करने में कामयाब रही।
उप्र की ओर से शानदार मूव बनाने के बाद पहला गोल शरद नंद तिवारी ने 15वें मिनट में दागा। हॉकी बंगाल ने जवाबी अक्रामण किया लेकिन, गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचा पाने में कामयाब नहीं हुई। चार मिनट बाद 19वें मिनट में उप्र से मो.फराज ने बेहतरीन पास के जरिये मिली गेंद को सीधे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। शून्य के मुकाबले दो गोल से बढ़त हासिल करने के बाद भी उप्र ने अक्रामण जारी रखा। ओलंपियन एवं कप्तान राजकुमार पाल की अगुवाई में फारवर्ड खिलाड़ी निरंतर बंगाल के गोल पोस्ट पर हमला बोलते रहे।
दूसरे हाफ में बंगाल की टीम ने भी कुछ बेहतरीन मूव लेकिन, खिलाड़ी ऐन मौके पर गोल कर पाने में नाकाम साबित हुए। उप्र की ओर से तीसरा गोल 36वें मिनट में उत्तम सिंह ने दागा। 3-0 से पिछड़ने के बाद बंगाल ने वापसी की कोशिश की। कुछ बेहतरीन मूव भी बने लेकिन, उप्र के रक्षण की वजह से गोल नहीं हो सका। आज के मैच के दौरान उप्र के खिलाड़ियों ने रक्षण के साथ शानदार आक्रामण का भी खेल दिखाया।स्थानीय दर्शकों का उसे भरपूर समर्थन मिला। उत्तम सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।