अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में आजमाई किस्मत
झांसी। सोमवार को शहर के 31 केंद्रों पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा हुई। 31 केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा में बीस हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। इससे परीक्षा छूटने के बाद कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।
परीक्षा के चलते शहर में सुबह से ही गहमागहमी की स्थिति बनी हुई थी। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बाहर से परीक्षार्थियों का आना शुरू हो गया था। सभी को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की जल्दी थी। परीक्षा के लिए शहर में 31 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 33 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। जबकि, शहर को दस हिस्सों में बांटते हुए दस सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई थी। परीक्षा दो पालियों में हुई। नगर मजिस्ट्रेट राम प्रकाश ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। वहीं, परीक्षा समाप्ति के बाद एक साथ भारी संख्या में परीक्षार्थियों के निकलने से सड़कों पर जाम के हालत रहे। इलाइट चौराहे पर आधा घंटे यही स्थिति बनी रही।