झांसी। कोतवाली क्षेत्र के दरीगरान मुहल्ले में रहने वाले वृद्ध दंपती पर उनके ही सिरफिरे बेटे ने सरियों से हमला कर दिया। इससे दोनों घायल हो गए। उनको बचाने पहुंचे पड़ोसियों को भी आरोपी ने मारने की कोशिश की। बाद में आरोपी बेटा मौके से भाग गया। दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के दरीगरान मुहल्ला निवासी मुन्नालाल सोनी (62) के तीन बेटे हैं। इनमें राजेंद्र व विवेक दूसरी जगह रहते हैं। जबकि वे पत्नी उर्मिला और सिरफिरे बेटे राजकुमार (37) के साथ रहते हैं। राजकुमार उनके साथ कई बार मारपीट कर चुका है। बृहस्पतिवार की दोपहर युवक ने अपने मां बाप को एक कमरे में बंद किया और उनको सरिये से मारने लगा। इससे वे लहूलुहान हो गए। दंपती की चीखपुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले शानू, राशिद और जुनेद मौके पर पहुंच गए। युवक उन तीनों पर भी हमलावर हो गया। शानू के हाथ में काट लिया। जबकि राशिद और जुनेद को सरिया छूता हुआ निकल गया। भीड़ लगने पर युवक मौके से भाग गया। बाद में मुहल्ले वालों ने घायल दंपती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उनको मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।