शुभम बने सिविल इंजीनियर, यूपीएससी में पाई 41वीं रैंक
- मोंठ के जनरल मर्चेंट व्यापारी के बेटे ने किया नाम रोशन
- यूपी मेट्रो और एसएससी में जूनियर इंजीनियर पर हो गया था चयन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिले के होनहार बेटे ने यूपीएससी की इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा में देश में 41वीं रैंक पाकर नाम रोशन किया है। मोंठ निवासी जनरल मर्चेंट व्यापारी गिरीश अग्रवाल ने छोटे बेटे शुभम अग्रवाल ने सिविल इंजीनियरिंग वर्ग में यह सफलता हासिल की है। मेधावी की सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
मोंठ निवासी शुभम अग्रवाल की स्कूली शिक्षा मोंठ के ही सरस्वती विद्या मंदिर में हुई। इसके बाद 2018 में उन्होेंने बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान से बीटेक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद पिछले साल यूपीएससी की इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा में भाग लिया, लेकिन साक्षात्कार में सफलता नहीं मिल सकी। शुभम ने हार न मानते हुए दोबारा परीक्षा में भाग लिया और देश में 41वीें रैंक पाकर जिले का नाम रोशन किया है। शुभम बताते हैं कि पहले उनका चयन यूपी मेट्रो कारपोरेशन में जूनियर इंजीनियर पद पर चयन हो गया था। इसके साथ ही कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा में भी जूनियर इंजीनियर पद उन्हें सफलता मिल गई। अब जब यूपीएससी में चयन होने पर परिवार में खुशी की लहर है। शुभम के बड़े भाई आकाश अग्रवाल का भी चयन सितंबर 2020 में बंगरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कटेरा में सहायक अध्यापक पद पर हुआ है। शुभम की इस उपलब्धि पर उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।