अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चित्रा चौराहे के पास एक घर के अंदर बने धार्मिक स्थल को हटाने को लेकर जमकर विवाद हुआ। एक धार्मिक संगठन से जुड़े दर्जनों कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। सीपरी बाजार पुलिस भी आ गई। किसी तरह समझा-बुझाकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
थाना सीपरी बाजार के चित्रा चौराहे के पास रहने वाले कैलाश शर्मा के घर के अंदर एक धार्मिक स्थल है। कैलाश के मुताबिक यह करीब सौ साल पुराना है। यहां सभी धर्मों के लोग चादर चढ़ाने पहुंचते हैं। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे एक धार्मिक संगठन के दर्जनों लोग घर में घुस आए और धार्मिक स्थल हटाने की मांग करने लगे। नाराज कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। वहां भीड़ जमा हो गई। हंगामे की सूचना पर सीपरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यकर्ता धार्मिक स्थल ध्वस्त करने की मांग कर रहे थे, लेकिन भवन स्वामी राजी नहीं हुए।
उनका कहना था यह धार्मिक स्थल उनकी निजी भूमि पर है। पुलिस के समझाने पर नाराज कार्यकर्ता अल्टीमेटम देते हुए लौट गए। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि उक्त धार्मिक स्थल निजी जमीन पर है। ऐसे में भवन स्वामी को ही निर्णय करना है।