आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने आए आप विधायक को पुलिस ने रोका
- फोटो : अमर उजाला
झांसी के सिंचाई विभाग के बेतवा भवन में किसान अपनी मांगों को लेकर तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने आए आम आदमी पार्टी के दिल्ली के विधायक प्रकाश जारवाल को पुलिस ने रोक दिया। उन्हें किसानों से नहीं मिलने दिया।
आप पार्टी के विधायक सोमवार को झांसी पहुंचे। उनको खाती बाबा के एक स्कूल का निरीक्षण करने जाना था। निरीक्षण से पहले वे सर्किट हाउस पहुंचे। जानकारी मिलते ही नवाबाद और सीपरी बाजार पुलिस भी सर्किट हाउस पहुंचकर डेरा डाल दिया। स्कूल जाने से रोकने के लिए पुलिस भी उनके पीछे-पीछे दौड़ती रही। इस बीच किसान आंदोलन में शामिल होने जब विधायक पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया और गेट बंद कर दिया। काफी देर बाद भी पुलिस नहीं मानी तो वे सरकार को तानाशाह बताकर वापस लौट गए।
किसानों ने बेतवा भवन में तंबू लगाकर शनिवार से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने मांगें पूरी होने के बाद ही आंदोलन खत्म करने की घोषणा की है। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि 20 सालों से मांगें लंबित है। कई बार आंदोलन कर चुके हैं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं इससे पहले अपनी मांगों को लेकर बेतवा भवन में प्रदर्शन करने जा रहे किसानों की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई थी।
गांधी उद्यान में प्रदर्शनकारी किसान जुलूस संग सिंचाई विभाग को घेरने निकले थे। किसान रक्षा पार्टी अध्यक्ष गौरीशंकर बिदुआ की अगुवाई में किसानों का जत्था जैसे ही इलाइट चौराहा पहुंचा, पुलिस ने किसानों को रोक लिया था। मौके पर एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी भी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए थे। पुलिस ने ट्रैक्टर ले जाने से मना करते हुए उसकी चाबी निकालकर अपने पास रख ली थी। यह देख किसान नेता भड़क गए थे।