अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शनिवार को 33वीं वाहिनी पीएसी में पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया, जिसके बाद 173 रिक्रूट बतौर आरक्षी पुलिस बल में शामिल हुए। इस दौरान सभी बेहद उत्साहित नजर आए। इस नजारे के साक्षी उनके परिजन भी बने।
राजगढ़ स्थित 33वीं वाहिनी के ग्राउंड में पासिंग आउट परेड पीएसी के अपर पुलिस महानिदेशक सुजीत पांडेय के मुख्य आतिथ्य में हुई। जबकि, अध्यक्षता 33वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान परेड कमांडर आयुष राणा के नेतृत्व में मुख्य अतिथि ने परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं को कर्तव्य पालन की शपथ दिलाई गई। साथ ही अंत: व बाह्य परीक्षा के विजेता प्रशिक्षुओं व आरटीसी स्टाफ को प्रशंसा चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी राजेश एस, एसपी रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव, वाहिनी के शिविरपाल प्रणव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। परेड के दौरान कई प्रशिक्षुओं के परिजन भी मौजूद रहे। अपने परिवार के बच्चों को पुलिस बल का हिस्सा बनते देख वे भी बेहद खुश नजर आए।