झांसी। झांसी रेलवे स्टेशन पर उत्तर प्रदेश का पहला रेलून खोलने की तैयारी है। रेलवे मध्यप्रदेश के इंदौर की तर्ज पर इसे शुरू करने जा रहा है। यहां पर बाल कटवाने, शेविंग व अन्य संवरने के काम करा सकेंगे। इस योजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। रेलून वातानुकूलित होगा। अभी देश में सिर्फ इंदौर में ही रेलून की सुविधा है।
लंबी यात्रा के बाद चेहरे पर थकान दिखती है। इसके बाद किसी को इंटरव्यू देने जाना होता है, किसी को प्रिजेंटेशन देने। कोई बिजनेस मीट में शामिल होने आता है तो कोई पार्टी में। यात्रियों की इन प्राथमिकताओं को देखते हुए रेलवे ने झांसी स्टेशन पर ही सैलून की तरह रेलून खोलने की योजना बनाई है। यहां उतरने के बाद अपने महत्वपूर्ण काम से पहले यात्री हेयर कट, मसाज, फेशियल या अन्य ब्यूटी ट्रीटमेंट ले सकेंगे।
अभी देश में सिर्फ इंदौर स्टेशन पर यह सुविधा है। इसके लिए रेलवे अपनी जगह देगा, जिससे इच्छुक व्यक्ति को मानक के हिसाब से रेलून का ढांचा तैयार करना होगा। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया इस योजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।