झांसी। प्रयागराज बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं का ‘महाकुंभ’ मंगलवार से शुरू हो जाएगा। जिले के सभी 69 परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों की निगहबानी व कड़ी सुरक्षा के बीच हाईस्कूल में 26940 और इंटर में 22179 विद्यार्थी परीक्षाएं देंगे। सोमवार को शिक्षा भवन में परीक्षाओं को लेकर तैयारियाें को अंतिम रूप दिया गया। मॉनीटरिंग सेल के जरिये बोर्ड के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को भी परखा। साथ ही, कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से भी परीक्षाओं की गतिविधियों पर नजर रहेगी।
वर्ष 2020 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं के लिए इस बार कई बडे़ कदम उत्तर प्रदेश शासन और प्रयागराज बोर्ड ने उठाए हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण मॉनीटरिंग सेल का गठन है, जिससे सभी 69 परीक्षा केंद्रों के 1250 कक्षों में लगे करीब 2500 सीसीटीवी कैमरे इंटरनेट के माध्यम से लिंक है। इससे इन सभी प्रत्येक कक्षों की हर हरकत को शासन व बोर्ड के उच्चाधिकारी अधिकारी लखनऊ तथा प्रयागराज में बैठकर भी देख सकते हैं। वहीं, सभी परीक्षा केंद्रों में फर्नीचर, पेयजल, बिजली आदि की व्यवस्था चौकस करा दिए गए है, जिन्हें सोमवार को शिक्षा भवन में अधिकारियों ने परखा। अपर नगर मजिस्ट्रेट वान्या सिंह ने भी मॉनीटरिंग सेल का निरीक्षण किया। इधर, जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने बताया कि परीक्षाओं के लिए समस्त तैयारियां पूरी हो चुकी है।
पांच केंद्र हैं अति संवेदनशील
जनपद में 13 संवेदनशील और पांच अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार अति संवेदनशील में जिला परिषद इंटर कालेेज भेल, राम मनोहर लोहिया इंटर कालेज, आदर्श कन्या इंटर कालेज, स्वामी देवानंद इंटर कालेज, आलोक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हैं।
छह जोनल मजिस्ट्रेट हैं तैनात
परीक्षा के लिए जनपद को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। छह जोनल मजिस्ट्रेट, आठ सेक्टर तथा 20 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात है। यह सभी जिला स्तरीय अधिकारी व एसडीएम रैंक व राजपत्रित अधिकारी है। वहीं नकल विहीन परीक्षा के लिए पांच सचल दस्ते तैयार किए गए है।
परीक्षा के दौरान नहीं निकलेेंगे जुलूस
परीक्षा के दौरान डीजे जुलूस, जनसभा की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं जाएगा। यदि नकल होती पायी जाती है, तो नकल अधिनियम तीन के अंतर्गत कार्रवाई होगी। सौ मीटर की परिधि में कोई भी मोबाइल व फोटो स्टेट की दुकान नहीं खुलेगी।
कक्ष निरीक्षक व कर्मचारी हुए तैनात
परीक्षा में बेसिक के 660 और माध्यमिक के 1974 शिक्षक - शिक्षिकाएं डयूटी करेगी। वहीं मॉनीटरिंग सेल में दो शिफ्टों में कर्मचारी लगाए हैं। जो कंप्यूटरों से प्रत्येक परीक्षा केंद्र में निगाह रखेंगे।
कंट्रोल रूम में दर्ज करा सकते हैं शिकायत
परीक्षाएं 18 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगी। मंगलवार को बोर्ड की हाईस्कूल की पहली परीक्षा सुबह 8 बजे से हिंदी व प्रारंभिक हिंदी की होगी। इसके बाद दोपहर दो बजे से इंटर की हिंदी व सामान्य हिंदी की परीक्षा होगी। प्रश्न पत्र 15 मिनट पहले खोला जाएगा। अगर किसी भी परीक्षा केंद्र में कोई गड़बड़ी नजर आती है, तो वह शिक्षा विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 0510 - 2472636 और 0510 - 2980390 पर दर्ज करा सकता है। वहीं, उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। ये राजकीय इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज, दमेले इंटर कॉलेज हैं।
जालौन व ललितपुर में बने हैं 104 परीक्षा केंद्र
झांसी मंडल के जालौन में हाईस्कूल में 22262 और इंटर में 20120 पंजीकृत विद्यार्थी 57 परीक्षा केंद्रों में परीक्षाएं देंगे। जबकि ललितपुर में हाईस्कूल में 21281 और इंटर में 15249 परीक्षार्थी 47 परीक्षा केंद्रों में परीक्षाएं देंगे। चार सचल दल इन सभी परीक्षा केंद्रों में लगातार भ्रमण करेंगे।