संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बोर्ड परीक्षा के परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है, जिसमें जिले में 67 परीक्षा केंद्र फाइनल हुए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 22 फरवरी से परीक्षा होगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बोर्ड ने हाल ही में परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची भी जारी कर दी है। जिसमें 67 परीक्षा केंद्र तय हुए हैं। इसमें 10 राजकीय विद्यालय, 39 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय, 2 जिला पंचायत, एक विद्युत परिषद से सहायता प्राप्त और 16 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। 22 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी जो 9 मार्च को समाप्त होंगी। जिसमें हाईस्कूल के 24489 और इंटरमीडिएट के 22044 विद्यार्थी शामिल होंगे। बता दें कि बोर्ड द्वारा 63 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की गई, जिसमें आपत्तियों के निस्तारण के बाद 67 परीक्षा केंद्र तय किए गए थे।
परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी हाे चुकी है। इसके साथ ही बोर्ड के विद्यार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षा की तिथि भी जारी हो चुकी है, विद्यालयों को परीक्षा कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। - राजेश कुमार सिंह, डीआईओएस
13 जनवरी से होगी प्रीबोर्ड परीक्षा
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 13 जनवरी से शुरू होंगी। जो कि 22 जनवरी तक चलेंगी। विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। वहीं हाईस्कूल के विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन के अंकों को अपलोड करने के लिए 10 जनवरी से वेबसाइट खोली जाएगी।