यूपी बोर्ड की ओर से हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 में पंजीकृत कुल 5611072 परीक्षार्थियों में से 5130481 परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें हाईस्कूल में 3024632 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 279656 अनुपस्थित रहे, जबकि 2744976 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
हाईस्कूल की परीक्षा में 92.5 प्रतिशत अंक हासिल कर भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज के छात्र हिमांशु सिंह ने झांसी जिले में टॉप किया है। हिमांशु के पिता राजेश कुमार पटेल झांसी के एसएसपी के ड्राइवर हैं। हिमांशु ने विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी में 98-98, गणित में 82, हिंदी में 90 और कंप्यूटर साइंस में 89 अंक हासिल किए हैं। हिमांशु ने बताया कि वो आईपीएस अफसर बनना चाहते हैं।
स्कूल के अलावा वे रोजाना नियमित रूप से 6-7 घंटे पढ़ाई करते थे। वे अपनी बहन शालू के साथ पढ़ाई करते थे। बहन ने भी दसवीं की परीक्षा में 85 फीसदी अंक हासिल किए हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर पिता के साथ साथ पूरा पुलिस महकमा गौरान्वित महसूस कर रहा है।
बता दें कि इस बार हाईस्कूल की परीक्षा में बड़ौत (बागपत) की रिया जैन ने प्रदेश में 96.67 प्रतिशत अंक लाकर टॉप किया है। रिया जैन बड़ौत के श्रीराम इंटर कॉलेज की छात्रा है। वहीं दसवीं की परीक्षा में दूसरा स्थान अभिमन्यु वर्मा का रहा है, जबकि बाराबंकी के योगेश प्रताप सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
साई इंटर कॉलेज लखपेड़वाबाग के छात्र अभिमन्यु को 95.83 फीसदी और सद्भावना इंटर कॉलेज के योगेश को 95.33 प्रतिशत अंक मिले हैं।