उत्तर प्रदेश के झांसी के गरौठा में चचेरे भाई द्वारा की गई पिटाई से क्षुब्ध होकर थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी रामपाल अहिरवार के 14 साल के पुत्र मोहित कुमार ने मंगलवार की शाम पांच बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इसकी जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मारपीट करने वाले लड़के को हिरासत में ले लिया है। किशोर के माता-पिता गुजरात में रहते हैं। वह दादा-दादी के साथ रहता था।
आंबेडकर नगर मोहल्ले में रामपाल अहिरवार के घर के सामने भाई शिवलाल रहते हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि शिवलाल के बेटे बृजेंद्र से किसी बात पर मोहित का विवाद हो गया। इस पर बृजेंद्र ने मोहित की पिटाई कर दी। पिटाई से क्षुब्ध होकर मोहित घर आया। कमरे में मोहित ने फांसी लगा ली।
जब उसकी दादी कमरे में गई तो दरवाजा बंद था। उसने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। दादी ने शोर मचाया तो मोहल्ले के और लोग भी आ गए। उन्होंने अंदर झांककर देखा तो मोहित फंदे पर लटक रहा था।