झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में बीएससी कृषि, एलएलबी और एमएससी कोर्स की सीटों का आवंटन काउंसलिंग से हुआ था। अब तक जिन छात्रों ने आवंटित कॉलेज में ऑनलाइन प्रवेश कन्फर्म नहीं कराया है, वे 10 अगस्त तक अपना ऑनलाइन प्रवेश कंफर्म करा सकते हैं।
गौरतलब है कि उक्त कोर्सों की ऑनलाइन काउंसलिंग 20 से 28 जुलाई तक बीयू कैंपस में हुई थी। पहली काउंसलिंग के बाद छात्रों को तीन दिनों में आवंटित कैंपस अथवा कॉलेज में ऑनलाइन कंफर्म प्रवेश करने थे। जिन छात्रों ने अब तक प्रवेश कन्फर्म नहीं कराया है, उन्हें अब आखिरी मौका दिया जा रहा है। छात्रों का प्रवेश आवंटित कॉलेज द्वारा 8 अगस्त तक ऑनलाइन कंफर्म किया जाएगा। नौ अगस्त को कॉलेज के पटल पर सभी छात्रों को मेरिट सूची दी जाएगी।
इसके बाद कैंपस और कॉलेजों में रिक्त सीटों पर अभ्यर्थी 10 अगस्त तक अपना ऑनलाइन प्रवेश कंफर्म करा सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को अपने साथ रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड लाना होगा। इसमें सिर्फ वह अभ्यर्थी ही शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने प्रवेश परीक्षा दी हो और काउंसलिंग में हिस्सा किया हो। चाहें कोई कॉलेज आवंटित हुआ हो अथवा नहीं। इसके बाद भी यदि स्थान रिक्त हों तो कॉलेज अपना विज्ञापन देकर सीटों पर मेरिट के आधार पर 16 अगस्त तक प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को बीयू की वेबसाइट www.bujhansi.org पर जाकर ऑनलाइन फार्म भरना होगा।