संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय स्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण व नकलविहीन कराने के लिए यहां संचालित एक दर्जन से अधिक महाविद्यालयों ने सभी तैयारियां पूरी कीं। कक्षा निरीक्षकों की ड्यूटी सहित नकल रोकने के लिए सचल दल बनाए गए हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबंध जिले में एक दर्जन के महाविद्यालय हैं। इनमें विभिन्न कोर्सों की पढ़ाई लिखाई कराई जाती है। हाल ही में विश्वविद्यालय द्वारा सम सेमेस्टर की परीक्षा कराए जाने का कार्यक्रम घोषित किया गया था। महाविद्यालय प्रशासन परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए जुट गए थे। कक्ष निरीक्षकों सहित सचल दल और अन्य व्यवस्थाएं चाक चौबंद की गईं। साथ ही परीक्षा कक्ष में बैठने वाले परीक्षार्थियों का टेबल प्लान तैयार किया गया। अब सभी महाविद्यालयों में शुक्रवार से सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। परीक्षा में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए सचल दल भ्रमणशील रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर संबंधित थाना का पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। बेसिक शिक्षा विभाग से सहायक अध्यापक, अनुदेशक और शिक्षा मित्रों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के तौर पर लगाई गई है।