अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। थाना लहचूरा के खरकामाफ गांव में फसल की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में भतीजों ने चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। देर-शाम लहचूरा पुलिस ने हत्या के आरोप में सात के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर, घटना के बाद से आरोपी घर छोड़कर भाग निकले। गांव में पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया है।
खरकामाफ गांव निवासी गोविंद दास (53) पुत्र हरदयाल रविवार दोपहर खेत की सिंचाई कर रहे थे। बगल में उनके भाई रामदास का भी खेत है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान गोविंद का भतीजे मनोज और नीरज से विवाद हो गया। मनोज बीडीसी सदस्य है। दोनों पक्षों के बीच जमकर गालीगलौज होने लगी। शाम पांच बजे गोविंद खेत से अकेले लौट रहे थे। कछरा वाली गली के मोबाइल टावर के पास लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर खड़े मनोज और नीरज ने उनको घेर लिया।
आरोप है कि वहां ग्राम प्रधान अखिलेश राय भी मौजूद था। इन लोगों ने गोविंद पर हमला कर दिया। शोर-शराबा पर गोविंद की पत्नी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। गोविंद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। सूचना पर सीओ लक्ष्मीकांत गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नाजुक हाल में गोविंद को मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां से परिजन उनको लेकर नर्सिंग होम पहुंचे। यहां उनकी मौत हो गई।
शव लेकर नाराज परिजनों ने किया चक्काजाम
गोविंद की मौत से नाराज परिजन शव लेकर झांसी-कानपुर हाईवे पहुंच गए और शव रखकर जाम लगा दिया लेकिन थोड़ी ही देर में एसपी (आरए) गोपीनाथ सोनी, सीओ (सिटी) रामवीर सिंह कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। गुस्साए परिजन आरोपी ग्राम प्रधान समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। अफसरों ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। देर शाम गोविंद की पत्नी शीला अहिरवार की तहरीर पर लहचूरा पुलिस ने भतीजा एवं बीडीसी सदस्य मनोज और नीरज समेत खरकामाफ के ग्राम प्रधान अखिलेश राय, सुरेश राय, लाल सिंह, मिथ्यो, अमोल एवं बालादीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
शरीर पर 30 से अधिक जगह पर मिले चोट के निशान
गोविंद के शव का पोस्टमार्टम कराने पर शरीर पर 30 से अधिक चोट के निशान मिले। धारदार हथियार से लगी चोट की वजह से जान जाने की बात सामने आई है। कुल्हाड़ी से सिर एवं कंधे पर चोट मिली। लाठी-डंडों से भी पीटा गया। इस वजह से हाथ-पांव पर भी गहरी चोट आ गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीम लगाई गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मौत से पहले गोविंद का एक वीडियो भी सामने आया है। घटना की छानबीन में वीडियो की भी मदद ली जा रही है। - गोपीनाथ सोनी, एसपी (आरए)