झांसी। केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद उमा भारती जनपद के पांच ऐतिहासिक स्मारकों का सांसद निधि से रखरखाव तथा संरक्षण कराएंगी। इसके लिए उन्होंने राज्य पुरातत्व विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय ने प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है, जो जल्द ही भारत सरकार के भेजा जाएगा।
जनपद के आंतरिक एवं बाहरी हिस्से में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एवं उससे पूर्व के ऐतिहासिक घटनाक्रमों से जुडे़ कई स्थल एवं स्मारक हैं, जिनके विकास एवं सौंदर्यीकरण की आवाज हमेशा उठती रही है, लेकिन पर्याप्त बजट एवं अन्य कई कारणों के चलते ये ऐतिहासिक स्मारक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग एवं राज्य पुरातत्व विभाग के संरक्षण के बावजूद अपनी विशेष पहचान नहीं बना सके।
हाल ही में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद उमा भारती ने राज्य पुरातत्व विभाग को निर्देश दिया था कि ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण एवं रखरखाव के लिए सचित्र प्रोजेक्ट तैयार करें, ताकि इनका सांसद निधि से संरक्षण एवं रखरखाव हो सके।
क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. एसके दुबे के मुताबिक प्रोजेक्ट कर लिया गया है जिसमें लक्ष्मी मंदिर, हाथीखाना रघुनाथ महल, झोकनबाग स्थित मेमोरियल सिमेट्री, बरुआसागर का किला एवं क्राफ्ट मैदान स्थित वीरांगना मानवती का स्मारक शामिल है। प्रोजेक्ट में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद तालपुरा योजना झांसी एवं प्रारंभ सोसायटी की भी मदद ली है।
इन स्मारकों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण में लक्ष्मी मंदिर के सामने पड़ी खाली जमीन में उद्यान एवं कमल ताल बनेगा। इसके अलावा हाथीखाना के जीर्णशीर्ण हिस्से का दुरस्तीकरण, उद्यान एवं लाइटिंग मेमोरियल सिमेट्री पर अतिक्रमण हटाकर उसे ग्रिल से सुरक्षित रखने एवं उद्यानीकरण, बरुआसागर किले की दीवारों पर प्लास्टर एवं वीरांगना मानवती की समाधि के चारों ओर बाउंड्रीवाल, समाधियों का जीर्णोद्धार एवं उद्यानीकरण होगा।