संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। शनिवार को जिला अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में मरीजों के तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया। मामला रेडियोलॉजी विभाग में तैनात सुरक्षा गार्ड द्वारा अपने परिचित मरीज को बिना लाइन में लगे अल्ट्रासाउंड के लिए सीधे केबिन में ले जाने से बढ़ा। तीमारदारों ने जब इस बावत डॉक्टर सहित गार्ड से बहस की तो वह काम छोड़कर चले गए। इसके बाद तीमारदार और भर्ती मरीज डॉक्टर के आने का इंतजार करते रहे लेकिन, वह नहीं लौटे।
ये बोले मरीज
मंसूर अहमद ने बताया कि उनका अल्ट्रासाउंड हो रहा था, इसी बीच विवाद होने लगा। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें आधी जांच के बाद ही भगा दिया।
आबिद खान इमरजेंसी वार्ड के 7 नंबर पलंग पर भर्ती हैं। उनकी हालत ठीक नहीं थी, इसलिए डॉक्टर ने उन्हें तुरंत अल्ट्रासाउंड कराने को कहा था लेकिन, डॉक्टर ने उनकी जांच ही नहीं की।
पांच माह के बच्चे मयूर को गोद में लिए खड़ी उसकी मां ने बताया कि पिछले तीन घंटे से लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी कर इंतजार कर रहे थे लेकिन, डॉक्टर ने बिना जांच किए सबको चलता कर दिया।
शुभम को पेट का अल्ट्रासाउंड कराना था। वह कहते हैं कि बीते 2 घंटे से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे और जब नंबर आया तो डॉक्टर उठकर चले गए।
वर्जन
किसी बात को लेकर मरीजों और उनके तीमारदारों की रेडियोलॉजी विभाग के स्टाफ से बहस हो गई थी। मामले में तथ्यों की जानकारी की जा रही है। जिसके आधार पर ही आगे की कार्यवाई की जाएगी।
डॉ. प्रमोद कुमार कटियार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल।