झांसी। शुक्रवार को धर्मांतरण कराकर ले जाने की सूचना पर उत्कल एक्सप्रेस से दो युवतियों समेत महिलाओ को जीआरपी व आरपीएफ ने स्टेशन पर उतार लिया। पुलिस अधिकारी भी जीआरपी थाने पहुंचे। यहां देर रात पुलिस युवतियों से पूछताछ में जुटी रही।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महोबा संगठन मंत्री अजय शंकर तिवारी व ललितपुर के संगठन मंत्री सुमित प्रताप सिंह समेत कई कार्यकर्ता उत्कल एक्सप्रेस से झांसी आ रहे थे। सभी ट्रेन के कोच बी 1 में सवार थे। कोच में दो महिलाएं दो लड़कियोें को दिल्ली से राउरकेला (उड़ीसा) लेकर जा रही थीं। बातचीत करने पर युवतियों को धर्मांतरण कराने के लिए ले जाने का शक हुआ। ट्रेन से ही कार्यकर्ताओं ने आरपीएफ व जीआरपी के साथ हिंदू नेता अंचल अड़जरिया को सूचना दी। ट्रेेन के झांसी पहुंचते ही पुलिस महिलाओं व युवतियों को उतारकर जीआरपी थाने लाई। यहां देर रात पुलिस महिलाओं व युवतियों से पूछताछ में जुटी रही। इधर, कार्रवाई के लिए कार्यकर्ताओं ने जीआरपी में तहरीर दी है।