झांसी/मोंठ। झांसी-कानपुर हाईवे पर मोंठ के नेहरूनगर के पास मंगलवार रात दो ट्रक ओवरटेक के करने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसे में दोनों ट्रक में सवार चालक घायल हो गए। ट्रक में बीयर के डिब्बे लदे थे। वह भी सड़क पर बिखर गए। बीयर की बोतलों के बिखर जाने से वहां पुलिस भी बुलानी पड़ी। क्रेन बुलाकर ट्रक हटवाए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार आधी रात दोनों ट्रक तेज गति में एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान असंतुलित होकर ट्रक सड़क किनारे जाकर पलट गया। ट्रकों के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। मोंठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने अलीगढ़ निवासी शेर सिंह एवं बरेली निवासी सैयद अली को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। कोतवाली प्रभारी राजेश पाल के मुताबिक क्रेन से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया। संवाद