संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जनपद से दो हजार किसान दंपती सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। कृषि विभाग ने ऐसे पति-पत्नी किसानों की सूची बनाई है। नियमत: पति और पत्नी में से एक को ही किसान सम्मान निधि दी जा कती है। इन सभी को नोटिस देकर सम्मान निधि लौटाने का मौका दिया जाएगा। अगर तय समय में ऐसा नहीं करते हैं तो फिर कानूनी तरीके से रिकवरी की जाएगी।
कृषि अधिकारी महेंद्र कुमार पाल ने बताया कि पीएम सम्मान निधि योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद पहुंचाना है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को उनके खाते में हर साल दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तें, कुल छह हजार रुपये दिए जाते हैं।
नियमानुसार यह निधि परिवार के एक सदस्य को देने का प्रावधान है पर कुछ किसान ऐसे है जिसमें पति और पत्नी दोनों को इसका लाभ मिल रहा है। जनपद में 2,63,622 किसान पीएम सम्मान निधि के लिए पात्र हैं और इसका लाभ ले रहे हैं। सोमवार को ही 2,08,622 किसानों के खातों में 41 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई थी।
विभाग ने सम्मान निधि पाने वालों की जांच की तो पाया कि जनपद के 4000 महिला-पुरुष किसान ऐसे हैं, जो पति-पत्नी हैं और योजना का लाभ ले रहे हैं। अब इन सभी को नोटिस देकर विभाग धनराशि वापस देने का समय देगा।
0000000
किसान फैमिली आईडी से इस मामले की जानकारी मिली। चिह्नित किसानों का विभागीय सत्यापन करने के बाद फाइनल सूची बना ली गई है। सभी को विभाग की ओर से जल्द नोटिस भेजा जाएगा। - महेंद्र कुमार पाल, डीडी कृषि