संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर धार्मिक ग्रंथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते एक पक्ष के दो लोगों को जेल भेज दिया है।
थाना लहचूरा के ग्राम सिजारी बुजुर्ग निवासी देव सिंह ने मऊरानीपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह वह बस स्टैंड स्थित एक साउंड सर्विस की दुकान पर गया एक धार्मिक आयोजन के लिए साउंड सिस्टम किराये पर लेने गया था। धार्मिक आयोजन का नाम सुनकर दुकानदार भड़क गया और आपत्तिजनक शब्द बोलने लगा। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। नौबत धक्का-मुक्की पर आ गई। इस पर मौके पर खासी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची गई। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने नईबस्ती निवासी अयूब खान और उसके बेटे इरफान खान के विरुद्ध शांतिभंग में कार्रवाई की। बाद में दोनों को उप जिलाधिकारी न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वहीं, घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकार रामवीर सिंह ने बताया कि साउंड सिस्टम दुकान संचालक ने सिस्टम ग्रामीण क्षेत्र में ले जाने के लिए मना किया था। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। धार्मिक ग्रंथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी संबंध में कोई बात सामने नहीं आई है।