झांसी। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार मंद जरूर पड़ी है, लेकिन खतरा अब भी बरकरार है। शुक्रवार को 1,716 नमूनों की जांच हुई और इनमें जिला अस्पताल के सीएमएस समेत 52 पॉजिटिव पाए गए। जबकि, दो संक्रमितों की मौत भी हुई है। इसके अलावा स्वस्थ होने पर 45 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
कोरोना के नए मरीज नैनागढ़ नगरा, अंदर बड़ागांव गेट, दीनदयाल नगर, वीरांगना नगर, सुधा विहार कॉलानी, रिफ्यूजी कॉलोनी के अलावा मऊरानीपुर, चिरगांव, रानीपुर मेन बाजार, बामौर अड़जरा व बबीना में मिले हैं। मरने वालों में गोपाल की बगिया निवासी 55 वर्षीय एक महिला है, जिसे बुखार, कफ, गले में खरांस व सांस लेने में दिक्कत होने पर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। महिला पहले से हाइपरटेंशन व डायबिटिज से भी ग्रसित थी। वहीं, नैनागढ़
नगर के 80 वर्षीय एक बुजुर्ग की भी मौत हुई है। मृतक को बुखार, कफ, गले में खरांस व सांस लेने में दिक्कत होने अस्पताल लाया गया है। जिले में अब तक 77 कोरोना वायरस संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं, जिले में अब तक 2613 लोगों को ये महामारी अपनी जकड़ में ले चुकी है और इनमें से 1920 लोग स्वस्थ भी हो चुकी हैं। 45 मरीजों को शुक्रवार को डिस्चार्ज किया गया। जिले का रिकवरी रेट बढ़क 77.57 प्रतिशत पर पहुंच गया है। वर्तमान में 509 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं और इनमें से 77 मरीजों को छोड़कर बाकी सभी लक्षण रहित मरीज हैं।