झांसी। भीड़भाड़ की वजह से ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर सफर करने के दौरान दो यात्रियों की अलग-अलग जगह गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों के शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। लखीमपुर खीरी के धौरहरा थाना क्षेत्र के चकलाखी गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद (35) केरल में गैस पाइप लाइन बिछाने का काम करता था। बुधवार को वह और उनका साथी सियाराम केरल से झांसी स्टेशन पर उतरे और लखनऊ जाने वाली ट्रेन में सुबह 9:35 बजे सवार हो गए। कोच में काफी भीड़ होने की वजह से सियाराम किसी तरह से अंदर घुस गया मगर वह गेट पर ही खड़ा रहा। बताते हैं नवाबाद थानांतर्गत गड़मऊ के पास भीड़ ज्यादा होने की वजह से उसका संतुलन बिगड़ गया और गिरकर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।वहीं, महोबा के राजकोट निवासी शिवनारायण (44) अपनी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके चलते, मऊरानीपुर की मंडी से सामान खरीदकर ले जाता था। बुधवार को वह मऊरानीपुर से सामान लेकर ट्रेन से घर जा रहा था। चूंकि ट्रेन में ज्यादा भीड़ थी, इसलिए गेट पर खड़े होकर सफर कर रहा था। रास्ते में टहरका स्टेशन के पास उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।