अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार सुबह रक्सा के इमलिया गांव में नाला सफाई को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई। इसमें महिला ग्राम प्रधान, उसका पति समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी का मेडिकल कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
इमलिया गांव में प्रदीप मिश्रा के घर के पास सफाई के दौरान विवाद होने लगा। प्रदीप ने नाले से पत्थर हटाने से मना किया। इसके बाद कर्मचारी फोटो खींचने पहुंचे। आरोप है कि प्रदीप ने गालीगलौज कर उसे भगा दिया। यह बात मालूम चलने पर ग्राम प्रधान लक्ष्मी साहू पति राकेश के साथ पहुंच गई। उन दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों ही पक्ष से लोग जुट गए। उनके बीच मारपीट शुरू हो गई।
दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए। मारपीट में ग्राम प्रधान लक्ष्मी, पति राकेश, पुत्र मेहरबान, सागर एवं देवर प्रदीप घायल हो गए। पत्थर लगने से राकेश का कान फट गया। वहीं, दूसरे पक्ष से प्रदीप, पवन, रविंद्र भी घायल हो गए। रक्सा थानाध्यक्ष राहुल राठौर के मुताबिक, घायलों का मेडिकल कराया गया है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की है।