जिले में कोरोना से दो और मौत हो गई हैं। बड़ाबाजार और इतवारीगंज के एक-एक व्यक्ति की इस संक्रमण से जान चली गई है। इसके अलावा दो नए संक्रमित मरीज भी पाए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य केंद्र में तैनात लैब टेक्नीशियन भी ट्रू नेट जांच में कोरोना पॉजिटिव मिला है। अब उसकी आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी। एहतियात के तौर पर बुधवार को सीएमओ आफिस बंद रहेगा।
बड़ा बाजार निवासी 57 वर्षीय व्यक्ति चार दिन पहले बुखार और सांस की तकलीफ होने पर कराई गई जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। मंगलवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके अलावा इतवारीगंज निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की भी कोरोना से मौत हो गई है।
उन्हें मृत अवस्था में मेडिकल कॉलेज लाया गया था। जांच में वह भी कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं, लक्ष्मणगंज में मेडिकल स्टोर संचालक के परिवार की 30 वर्षीय युवती भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। तालपुरा में रहने वाली 45 साल की महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। अब झांसी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 104 पहुंच गई है, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 13 हो गया है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के लैब टेक्नीशियन भी ट्रू नेट जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वह झोकनबाग स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात हैं। उनकी ड्यूटी कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेने के लिए लगाई गई थी।
पिछले तीन-चार दिन से उन्हें बुखार आ रहा था। अब उनकी मेडिकल कॉलेज की कोविड लैब में स्थित आरटी-पीसीआर मशीन से जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सीएमओ कार्यालय में हड़कंप मच गया।