किले की तलहटी में स्थित क्राफ्ट मेला ग्राउंड में चार साल पहले अरबन हाट का निर्माण शुरू किया गया था लेकिन बजट की कमी के चलते पूरा नहीं हो सका। इससे निर्माण अधूरा पड़ा हुआ था लेकिन अब झांसी विकास प्राधिकरण ने बजट की व्यवस्था कर ली है। 1.60 करोड़ की लागत से दो माह में निर्माण पूरा करने की तैयारी है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हस्त शिल्पियों को उनके उत्पाद बेचने को उचित बाजार मिल सके, इसके लिए क्राफ्ट मेला ग्राउंड में अरबन हाट का निर्माण किया जा रहा था। छह एकड़ क्षेत्रफल में 4.45 करोड़ की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना पर काम अगस्त 2014 में शुरू हुआ था लेकिन बजट के अभाव में लगभग काम पूरा होने के बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया था। काफी समय से अधूरे पड़े काम को पूरा कराने के लिए एक बार फिर जेडीए ने अरबन हाट का बचा काम कराने के लिए टेंडर निकाला है। अरबन हाट के छह एकड़ क्षेत्रफल में 52 दुकानें, चार प्रदर्शनी हॉल, एक म्यूजियम के साथ ही ओपन थिएटर, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक, एटीएम व पावर हाउस का निर्माण कराया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरा होते ही निर्माण कार्य दो माह पूरा कर लिया जाएगा।
अरबन हाट का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए जेडीए ने टेंडर निकाला है, दो माह में निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। - त्रिभुवन विश्वकर्मा, सचिव जेडीए