झांसी। महानगर के रहने वाले कई लोगों से दो लाख का लोन दिलाने के नाम पर ठगी की गई। मिशन कंपाउंड में खुले कार्यालय में लोन के एवज में कई लोगों से दो-दो हजार रुपये जमा कराए गए थे। रकम न मिलने से नाराज कई पीड़ितोें ने बुधवार को एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने सीपरी बाजार पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए है।
तीन माह पहले मिशन कंपाउंड स्थित एक किराए के मकान में एक प्राइवेट कंपनी ने कार्यालय खोला था। इसमें लोगों को लोन दिलाया जा रहा था। इसके एवज में दो हजार रुपये लिए जा रहे थे। कोतवाली के अंदर दतिया गेट निवासी लक्ष्मण प्रजापति समेत कई लोगों ने कार्यालय पहुंचकर लोन के लिए आवेदन किया था। लक्ष्मण समेत कई लोगों ने दो-दो हजार रुपये भी जमा कर दिए थे। इसके बाद दो माह तक न तो लोन मिला और न ही जमा की गई रकम मिली। कार्यालय के चक्कर लगाकर रकम न मिलने से नाराज पीड़ितोें ने पुलिस से शिकायत की। इसकी जानकारी मिलने के बाद सभी कर्मचारी ताला बंद कर भाग निकले। मामला गंभीर मानते हुए एसएसपी ने सीपरी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नौकरी भी दिलाते थे कंपनी के कर्मचारी
लोन के साथ-साथ कंपनी के कर्मचारी प्राइवेट नौकरी दिलाने का काम करते थे। कई लोग नौकरी के नाम पर भी रकम देकर ठगी का शिकार हुए। इसमें दस से अधिक युवतियां भी शामिल हैं। कईयों के वेतन भी नहीं मिल सके।