बेतवा में नहा रहे दो दोस्त डूबे, एक की मौत
एरच (झांसी)। सिजारी गांव में दोस्त के भाई की बारात से लौट रहे दो दोस्त बेतवा नदी में नहाने के दौरान डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को नदी से निकाला। मेडिकल कॉलेज लाते समय रास्ते में सागर (19) की मौत हो गई।
थाना एट के पिंडारी निवासी सिद्धार्थ के भाई अंकित की बारात में शामिल होने के लिए रविवार को सागर आदि सिजारी गए थे। सोमवार की सुबह सभी दोस्त वहां से बाइक से लौट रहे थे। एरच में वे बेतवा में नहाने के लिए रुक गए। सागर और आदर्श नहाते समय गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। इस नदी में नहा रहे अन्य दोस्तों ने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग उनको बचाने के लिए दौड़े।
किसी तरह दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को एरच के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां पर चिकित्सक ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में एट के पचोकरा निवासी सागर (19) की मौत हो गई जबकि एट के पिंडारी निवासी आदर्श को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंटरमीडिएट का छात्र था सागर
सागर की मौत से उसके माता-पिता और परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। सागर इंटरमीडिएट का छात्र था। वह पढ़ने में तेज था। बेटे की मौत पर मां बेसुध हो जा रही है।