झांसी। घर से भागकर आए दो बच्चे ट्रेन में भिखारी बन गए। आरपीएफ ने भिखारी बनाने वाले दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरपीएफ ने गश्त के दौरान प्लेटफार्म चार पर दो नाबालिग बच्चों को भीख मांगते पकड़ लिया। उनके साथ दो युवक भी चल रहे थे। पूछताछ में 12 साल के दोनों बच्चों ने बताया कि मध्य प्रदेश के गंजबसौदा व भोपाल के रहने वाले हैं। पिछले हफ्ते वह बिना बताए घर से भाग आए थे। रास्ते में उक्त दोनों व्यक्तियों से मुलाकात हो गई। वह दोनों भीख मांग रहे थे। उन्होंने उनको भी भीख मांगने के काम पर लगा दिया। युवकों के नाम रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिमरपहा निवासी राका व मानिकपुर के बसई निवासी आशीष राजपूत है। आरपीएफ ने दोनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जबकि, बच्चों को उनके घर वापस पहुंचाने के लिए चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है। इसी तरह ग्वालियर के शील नगर निवासी 12 साल के एक अन्य बच्चे को स्टेशन पर भटकते पकड़ा गया।
जहरखुरानी के खिलाफ चलाया जागरूकता अभियान
झांसी। आरपीएफ, जीआरपी और आरपीएफ मित्र योजना के सदस्यों ने संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन पर जहरखुरानी पर जन जागरण जागरूकता अभियान के तहत रैली निकाली गई।
रैली के दौरान आरपीएफ कमांडेंट उमाकांत तिवारी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अखिल शुक्ला, जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक एके यादव ने यात्रियों को जहरखुरानी पर जागरूक किया। इस मौके पर नवीन गुप्ता, सियाराम शरण चतुर्वेदी, डा. अजय मोदी, अजय भार्गव, शील कोपरा, राजीव गुप्ता, अमित पांडे, अशोक कुमार बिलगइयां, दिनेश वर्मा मौजूद रहे।