झांसी। महानगर में एक बार फिर चेन स्नैचर गिरोह सक्रिय हो गया है। शनिवार को गिरोह के सदस्यों ने अलग-अलग स्थानों पर टहलने निकलीं दो महिलाओं के गले से सोने की जंजीर छीन ली और भाग निकले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
थाना नवाबाद स्थित शिवाजी नगर निवासी प्रवीण श्रोतिय की पत्नी ऊषा श्रोतिय हनुमान मंदिर गई थीं। वहां से टहलते हुए पैदल घर की तरफ आ रही थीं। अभी वे घर के पास पहुंची ही थीं, तभी सड़क पर ही तेजी से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर जंजीर छीन ली। चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग एकत्रित भी हुए, लेकिन तब तक बदमाश भाग गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सड़क के पास बने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश भागते समय कैद हो गए। पुलिस ने फुटेज से फोटो निकालकर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, कोतवाली स्थित पंचवटी कॉलोनी में निवासी दवा कारोबारी मोहर सिंह राठौर शनिवार सुबह उनकी मां फूला देवी राठौर सुबह टहलने के लिए पांच बजे घर से निकलीं। करीब सुबह 5.15 बजे वो पंचवटी सड़क के पास टहल रही थीं, तभी एक स्कूटी पर सवार बदमाश उनके पास से गुजरा। कुछ दूरी पर जाने के बाद पुन: लौैटकर पीछे की तरफ से आकर झपट्टा मारकर चेन छीन ले गया। चेन बचाने के प्रयास में वे गिरने से बच गईं। सड़क सुनसान होने के कारण कोई उनकी मदद नहीं कर सका। घर आकर उन्होंने अपने पुत्र मोहर को घटना की जानकारी दी। उनकी सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। यहां भी घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना हो गई। एक दिन में दो घटनाओं से साफ है कि एक बार फिर महानगर मेें चेन स्नेचर गिरोह सक्रिय हो गया है।