वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते एसपी देहात राहुल मिठास।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। मऊरानीपुर पुलिस ने टीकमगढ़ मार्ग पर खदियन तिराहे के पास से दो शातिर वाहन चोरों को पकड़ लिया। उनके पास से दस चोरी की गई मोटर साइकिलें बरामद की गईं। तमंचा व कारतूस भी बरामद किया।। ये बदमाश भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटर साइकिल चोरी करने के बाद उसके नकली कागज (दस्तावेज) बनवाते और कम दामों में बेच देते थे।
शुक्रवार की रात मऊरानीपुर थाना पुलिस प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीकमगढ़ बस स्टैंड के पास चेकिंग चल रही थी, तभी खदियन चौराहे के पास संदेह होने पर अलग- अलग मोटर साइकिलों से जा रहे दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में पता लगा कि दोनों मोटर साइकिलें चोरी की हैं। उनकी निशानदेही पर आठ और मोटर साइकिलें बरामद की गईं, जो अलग- अलग स्थानों से चुराईं गईं थीं। बदमाशों के नाम मऊरानीपुर के परवारीपुरा निवासी शानू खान व छोटू अंसारी हैं। पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि बदमाश शानू खान पर तीन और छोटू पर दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इन बदमाशों के गैंग लीडर कुरैचा नाका निवासी दिलीप खंगार और करण खंगार जेल में बंद हैं।