सकरार (झांसी)। रविवार को सकरार थाना इलाके में बाइक सवार दो युवकों ने हार्डवेयर कारोबारी को झांसा देकर उसकी दुकान से ढाई लाख रुपये की नकदी पार कर दी। बदमाशों ने दिनदहाड़े बेखौफ अंदाज में घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद से पुलिस युवकों की तलाश में जुटी हुई, परंतु हाथ खाली बने हुए हैं।
लुहारी निवासी मनोज कुमार श्रीवास की हाईवे पर शिवशक्ति ट्रेडर्स के नाम से हार्डवेयर व भवन निर्माण सामग्री की दुकान है। रोजाना की तरह रविवार की सुबह आठ बजे उन्होंने अपनी दुकान खोली। सवा दस बजे के करीब बगैर नंबर की बाइक से दो युवक दुकान पर आए। इनमें से एक हेलमेट पहने हुए था, जबकि दूसरा मुंह पर गमछा बांधे हुए था, जिससे उनके चेहरे नजर नहीं आ रहे थे। दुकान पर आकर उन्होंने कारोबारी मनोज से भवन निर्माण में प्रयोग किया जाने वाला केमिकल मांगा। इसके एवज में युवकों ने उन्हें दो हजार रुपये का नोट थमाया। वापसी में उन्होंने कारोबारी से छुट्टे पैसे मांगे। पैसे वापस करने के दौरान युवकों की नजर में गल्ला और पास में रखा बैग आ गया।
इसके बाद युवकों में से एक ने टाइल्स दिखाने के लिए कहा। इस पर मनोज टाइल्स दिखाने के लिए दुकान से बाहर आ गए। उनके साथ एक युवक बाहर आया, जबकि दूसरा दुकान में बना रहा। इसी दरम्यान युवक ने दुकान के गल्ले में रखी लगभग पच्चीस हजार रुपये की नकदी और गल्ले के पास रखे बैग को उड़ा दिया। बैग में दो लाख रुपये से अधिक का कैश था। कारोबारी को इसकी जानकारी युवकों के जाने के बाद हुई।
घटना की सूचना मिलने पर सकरार थाने की टीम मौके पर पहुंच गई। सीओ ने भी अपनी टीम के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले गए, जिसमें युवकों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस युवकों की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन, अब तक उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। कस्बे में दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में आक्रोश है। बताया गया कि इससे पहले युवकों ने सकरार कस्बे में भी दो-तीन दुकानों पर इस तरह की टप्पेबाजी करने की कोशिश की, परंतु कामयाब नहीं हो पाए।