झांसी। टीवीएस के सब डीलर को बदमाशों ने लूटपाट के बाद जलाकर मार डाला। उसका जला हुआ शव मध्यप्रदेश में झांसी-ललितपुर राजमार्ग पर चकरपुर क्षेत्र में मिला है। कारोबारी की स्विफ्ट कार भी लूट ली गई। पुलिस का कहना है कि पवन टीवीएस के सब डीलर थे और बबीना में उनका शोरूम है। पवन किस्तों में बाइक देते थे और बुधवार को ग्राहकों से वसूली के लिए निकले थे। इस वारदात से दहशत फैल गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।
थाना बबीना के जल निगम तिराहा निवासी पवन राजपूत (32) बबीना में ही टीवीएस मोटर साइकिल का शोरूम चलाते थे। वह लोगोें को किस्तों पर मोटरसाइकिल देते थे। बुधवार सुबह ग्राहकों से पैसा वसूलने की कहकर कार में सवार होकर झांसी के लिए निकले थे। लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए। पिता ने फोन किया तो पवन ने कहा कि वह अभी बस स्टैंड के पास है और कुछ लोगों से रुपये लेकर जल्द घर आ जाएगा। लेकिन जब देर रात तक भी कुछ पता नहीं चला तो परिवार वालों ने फोन लगाया मगर फोन नहीं मिला। परिवार वाले तलाश में जुट गए। इसी बीच बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि मध्यप्रदेश की चकरपुर सीमा के पास एक जला हुआ शव पड़ा है। परिवार वाले पहुंचे और शव की पहचान पवन के रूप में की। पवन के हाथ से अंगूठी और सोने की चेन गायब थी। कार भी गायब है। माना जा रहा है कि बदमाशों ने लूटपाट करने के बाद पवन की हत्या कर दी और शव को जला दिया। शव पचास फीसदी से ज्यादा जला हुआ है। ओरछा के थाना प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।