मिलावटी शराब की भट्टी नष्ट करती पुलिस।
टूटी नींद, ताबड़तोड़ कार्रवाई में 12 हजार लीटर मिलावटी शराब पकड़ी
झांसी। मिलावटी शराब के अवैध कारोबार की हकीकत अमर उजाला द्वारा प्रकाशित करने के बाद रविवार को पुलिस व आबकारी विभाग की नींद टूटी। टीमों ने ऐसी शराब के अड्डों पर दबिश दी। अलग-अलग स्थानों पर दी गई दबिश में 12 हजार लीटर मिलावटी शराब पकड़ी।
रविवार को एसपी सिटी विवेक कुमार त्रिपाठी, सीओ सदर हिमांशु गौरव, सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह व आबकारी अधिकारी प्रमोद गोयल ने टीमों के साथ थाना रक्सा, बबीना, प्रेमनगर व कोतवाली, लहचूरा, मऊरानीपुर क्षेत्रों के कबूतरा डेरा पर दबिश दी। पुलिस टीमों ने मौके से 12 हजार लीटर मिलावटी शराब बरामद करने के साथ 65 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 22 भट्टियां भी बरामद कीं। मौके से छह लोग भाग निकले। 28 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही 42 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई। देर रात पुलिस की कार्रवाई जारी रही।