सीपरी बाजार के चांदमारी हनुमान मंदिर में मनाए गए तुलसी- शलिग्राम विवाह उत्सव में ढोल नगाड़ों की ?
झांसी। महानगर में देवोत्थान एकादशी पर तुलसी जू और भगवान शालिग्राम जी का विवाह उत्सव आयोजित हुए। घरों में तुलसी जी का पूजन कर उनका मोहक श्रृंगार किया गया। मंदिरों में हुए कार्यक्रमों में ढोल और शंख झालरों की ध्वनि पर बारातें निकाली गईं। तिलक और भांवरें और कन्या दान की रस्म भी श्रद्धालुओं ने निभाई।
सीपरी बाजार स्थित चांदमारी हनुमान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ दूल्हा बने भगवान शालिग्राम की बारात कारगिल परिसर में निकाली। मंदिर में आशु, अलका मित्तल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान का विधिवत द्वारचार तिलक किया। इसके बाद पंडित विजय शास्त्री ने वैवाहिक मंत्रों का उच्चारण कर तुलसी जू और भगवान शालिग्राम जी के विवाह की रस्में पूर्ण करायीं।
श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कन्यादान, पांव पखारने सहित अन्य रस्मों को श्रद्धा से निभाया। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ। इस अवसर पर आशु मित्तल, विजित कपूर, लल्लन महाराज, राघवेंद्र द्विवेदी, राकेश महाराज, दीप्ति तिवारी, अशोक पचौरी, राहुल तिवारी, राजेंद्र कुमार, वैभव मित्तल, पंकज शुक्ला आदि मौजूद रहे।