संवाद न्यूज एजेंसी
चिरगांव। चिरगांव थाना इलाके के ग्राम करगुवां में झांसी-कानपुर हाईवे पर बीती रात दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। ट्रकों की केबिन में फंसे घायलों को मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद हाईवे का आवागमन भी काफी देर तक प्रभावित रहा।
बृहस्पतिवार की देर रात उरई की ओर से आ रहा ट्रक करगुवां पहुंचने पर अचानक अनियंत्रित हो गया। वह डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर आ पहुंचा और कानपुर की ओर जा रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। दोनों ट्रकों की आमने-सामने हुई टक्कर में चालक और क्लीनर उनमें फंस गए। इसकी सूचना आसपास मौजूद लोगों ने टोल कर्मियों और चिरगांव थाना पुलिस को दी। सूचना पर उप जिलाधिकारी अवनीश तिवारी, सीओ मोंठ और चिरगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। दमकल दस्ते को भी मौके पर बुला लिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रकों में सवार चार लोगों को बाहर निकाला जा सका। इनमें से जालौन जिले के थाना कालपी के सरसेला निवासी कुलवीर सिंह (32) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, घायल कोमल सिंह महेवा, इमरत पाल परगहना व ज्ञान सिंह को आनन-फानन चिरगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद यहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद झांसी-कानपुर हाईवे का एक ओर का यातायात काफी देर तक प्रभावित बना रहा, जिसे पुलिस ने खुलवाया।