संवाद न्यूज एजेंसी
बबीना। हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर वन विभाग ने लाखों रुपये की प्रतिबंधित नीम व अर्जुन की लकड़ी से भरे ट्रक को कब्जे में लिया। क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) राजेश गुप्ता ने चालक से पूछताछ कर ट्रांजिट पास मांगा पर वह दिखा नहीं सका। वन विभाग ने 50 हजार का जुर्माना लगाया है।
जांच में सामने आया कि ट्रक में प्रतिबंधित नीम और अर्जुन की लकड़ियों को छूट प्राप्त प्रजाति चिलबिल की लकड़ी के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। लकड़ी से भरा ट्रक महरौनी से बरेली की ओर जा रहा था। चालक बृजपाल ने बताया कि ट्रक झांसी निवासी विकास राय का है, जबकि उसमें रखा माल गुरमीत सरदार नामक व्यक्ति का है। क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के बाद वाहन मालिक और संबंधित लोग ट्रक छोड़ने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ से भी फोन कराकर कार्रवाई रोकने और वाहन छोड़ने का दबाव डलवाया गया।
राजेश गुप्ता के अनुसार कुछ लोग छूट प्राप्त प्रजातियों की लकड़ी की आड़ में प्रतिबंधित लकड़ियों की तस्करी करते हैं। जब वन विभाग कार्रवाई करता है तो अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है। वन विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेकर लकड़ी की कीमत और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। डीएफओ नीरज आर्या ने बताया कि ट्रक में लकड़ियां बाहर से ले जाई जा रही थीं। चालक के पास ट्रांजिट पास न होने के कारण 50 हजार का जुर्माना लगाया गया है।