पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढेरी की पुलिया के पास हुआ हादसा
कानपुर से मां पीतांबरा पीठ के दर्शन करने जा रहा था परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
पूंछ। पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढेरी की पुलिया के पास शनिवार को ट्रक और कार की भिड़ंत में महिला की मौत हो गई। जबकि, महिला के पति, उसके दो बच्चे व कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग कानपुर से दतिया मां पीतांबरा पीठ दर्शन करने के लिए जा रहे थे। सभी घायलों को मोंठ अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक एवं चालक को पकड़ लिया, लेकिन मौका पाकर ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
कानपुर नगर निवासी शिव गिरीजेश (38) पत्नी अनुपमा, पुत्री शिविंया, पुत्र केशव के साथ मध्य प्रदेश के दतिया स्थित मां पीतांबरा पीठ दर्शन करने के लिए जा रहे थे। कार चालक अनुराग चला रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही कार पूंछ क्षेत्र के अंतर्गत ढेरी पुलिया के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार 10 फीट ऊपर तक उछल गई। कार में सवार सभी लोग गाड़ी से छिटककर खाईं में जा गिरे। दुर्घटना के दौरान पूंछ से लौट रहे ग्राम महाराजगंज ढेरी निवासी सूरज सिंह एवं अखिलेश पाल ने दुर्घटना में घायल अनुपमा और उनके पुत्र-व पुत्री को निजी गाड़ी से उपचार के लिए मोंठ अस्पताल भेजा।
सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना में घायल गिरिजेश एवं अनुराग को उपचार के लिए मोंठ अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान महिला अनुपमा की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर एसडीएम अवनीश तिवारी व सीओ देवेंद्र नाथ मिश्र मोंठ अस्पताल पहुंचे। घायलों का हाल-चाल जाना। हालत गंभीर होने पर सभी लोगों को उपचार के लिए झांसी रेफर कर दिया गया।