अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार थानांतर्गत बिहारी चौराहे पर बुधवार रात रक्सा से लौट रहे श्रमिक रईस अहिरवार (43) की बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसा देखकर राहगीर रुके, तब तक चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रक्सा थानांतर्गत गांव बसई निवासी रईस छह साल से राजगढ़ में माता-पिता के साथ रह रहा था। पिता पर्वत ने बताया कि वह मजदूरी करता था। बुधवार को वह मजदूरी के रुपये लेने के लिए रक्सा गया था। वहां से रात करीब 10 बजे बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में बिहारी चौराहे के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने रईस के टूट चुके मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में डाली। इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी। उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पिता ने बताया कि रईस की पत्नी छोड़कर मायके चली गई है। उसका एक बेटा है, जो पत्नी के साथ रहता है। चार साल पहले उसने दूसरी शादी कर ली थी।