झांसी में सोमवार की रात सीपरी बाजार में ओवरब्रिज के नीचे सड़क पार कर रहे टेलर को माल गोदाम से निकले ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सड़क का यातायात काफी समय तक अवरुद्ध बना रहा।
दीनदयाल नगर निवासी अनवार खान (55) सीपरी बाजार ओवरब्रिज के नीचे दुकान लगाकर कपड़े सिलने का काम करते थे। रात तकरीबन साढ़े नौ बजे वह दुकान बंद कर अपने घर की ओर पैदल जा रहे थे। सड़क पार करते ही वे माल गोदाम की ओर से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से वहां भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क का यातायात अवरुद्ध हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
खतरनाक हो चली है ट्रकों की आवाजाही
झांसी के सीपरी बाजार में ओवरब्रिज के नीचे दोनों ओर का रास्ता तंग है। इसके अलावा अतिक्रमण की वजह से सड़क और भी संकरी हो चली है। इस पर वहां रेलवे माल गोदाम आने-जाने वाले ट्रकों की वहां आवाजाही दिन भर बनी रहती है। इससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। दुर्घटना की भी हर समय आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए माल गोदाम को यहां से स्थानांतरित करने की रेलवे की ओर से कई सालों से कवायद की जा रही है। लेकिन, अब तक यह योजना कागजों से बाहर नहीं निकल पाई है।