संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। कस्बे के नई बस्ती फीडर से दो दिन से बिजली की आवाजाही से लोग परेशान हो गए हैं। यह आरोप यहां के लोगों ने लगाते हुए बताया कि कस्बे के 33 केबी बिजली के सब स्टेशन पर मंगलवार शाम को ब्रेक डाउन के चलते नगर व क्षेत्र की बिजली की सप्लाई ठप हो गई थी। लोगों ने बताया कि 23 घंटे बाद बुधवार को शाम 5 बजे नगर की बिजली सप्लाई बहाल हुई, लेकिन मात्र आधा घंटे बाद ही लोकल फाल्ट से फिर से बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। देर रात्रि लगभग एक बजे बिजली सप्लाई जैसे ही शुरू की गई तो महाराजा छतरी चौराहा के पास केबल टूट गई। इस कारण बिजली कर्मियों ने पूरे नई बस्ती फीडर की बिजली काट दी और अन्य क्षेत्र की सप्लाई चालू कर दी। बृहस्पतिवार को भी दोपहर बाद केबल जोड़ने का काम शुरू किया गया। भीषण गर्मी के बीच बिजली की सप्लाई ठप होने से लोग परेशान रहे। दो रातें लोगों ने जागकर निकालीं। दो दिन का समय बीतने के बाद भी केबल फॉल्ट को ठीक नहीं किया जा सका। बिजली की अनुपलब्धता से नगर में जल संस्थान द्वारा की जाने बाली नित्यप्रति पेयजल सप्लाई भी बाधित रही। गर्मी के बीच लोगों ने दूरदराज लगे हैंडपंपों से पीने के पानी की व्यवस्था की। लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि जब एसडीओ को फोन किया गया तो कई बार फोन करने के बाद भी उन्होंने फोन नहीं उठाया।