- 30 मिनट की आंधी-बारिश के बाद कहीं छह तो कहीं सात घंटे तक गुल रही बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार दोपहर आधा घंटे तक चली तेज आंधी व बारिश से जगह-जगह पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिर गए। इससे शहर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा ठप हो गई। जिससे कहीं छह घंटे तो कहीं सात घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
बारिश शुरू होने के साथ ही तेज आंधी चली। हंसारी से आ रही 33केवी लाइन पर पेड़ टूटकर गिर गया। इससे बीएचईएल-दो सब स्टेशन, एमईएस सब स्टेशन, हाइडिल सब स्टेशन, जेल चौराहा सब स्टेशन, मुन्ना लाल सब स्टेशन, नंदनपुरा सब स्टेशन, सूती मिल सब स्टेशन से पोषित इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शाम करीब 4.30 बजे हंसारी में पेड़ हटाकर बिजली आपूर्ति शुरू हुई मगर रानी महल, जेल चौराहा, ग्रास लैंड आदि जगह तारों पर गिरे पेड़ नहीं हटने की वजह से मुन्नालाल पावर हाउस, जेल चौराहा सब स्टेशन, मेडिकल कॉलेज, सूती मिल सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सीपरी बाजार में टंडन गार्डन के पास बिजली के तार पर पेड़ गिर गया जिससे रात नौ बजे बिजली सप्लाई चालू हुई।
मुन्नालाल पावर हाउस, नंदनपुरा सब स्टेशन व सूती मिल पावर हाउस से पोषित इलाकों को छोड़ सभी सब स्टेशन से पोषित इलाकों में नौ बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई। रात 10 बजे सूती मिल पावर हाउस व मुन्नालाल पावर हाउस से बिजली आपूर्ति चालू हुई। नंदनपुरा सब स्टेशन से रात 10:20 बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई।
तेज बारिश-आंधी की वजह से कई जगह पेड़ बिजली के तारों गिर गए। बारिश थमने के बाद टीमों ने बिजली आपूर्ति सुचारु करने के लिए पेड़ों को हटाकर तारों को जोड़कर रात 10 बजे तक सभी जगह बिजली आपूर्ति बहाल की है।
यूडी सोनकर, अधिशासी अभियंता बिजली विभाग