झांसी। रेलवे 12 अगस्त तक सिर्फ स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। बोर्ड ने एक जुलाई से 12 अगस्त के बीच यात्रियों द्वारा बनवाए गए टिकटों का पूरा किराया वापस करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस तारीख के बाद ही ट्रेनों को सुचारु रूप से चलाने पर निर्णय होगा। झांसी से करीब पांच हजार टिकटों की वापसी होगी।
कोरोना वायरस के चलते रेलवे ने 23 मार्च से ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद कर रखा है। लॉकडाउन के तीसरे चरण में रेलवे ने एक मई से अलग- अलग राज्यों की सहमति पर श्रमिक एक्सप्रेस गाड़ियों का संचालन शुरू किया। इसके बाद 12 मई से अप और डाउन की तीस सवारी ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। ये सभी गाड़ियां राजधानी एक्सप्रेस हैं, जिनको स्पेशल ट्रेनें बनाकर चलाया जा रहा है। इनमें अप और डाउन की चार ट्रेनें झांसी से होकर गुजर रहीं हैं। किराया भी मुसाफिरों को राजधानी एक्सप्रेस के बराबर ही अदा करना पड़ रहा है। इसके बाद एक जून से देश भर में अप और डाउन की दो सौ मेल व एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। इनमें झांसी से होकर अप और डाउन की 28 ट्रेनें गुजर रहीं हैं।
उम्मीद थी कि स्पेशल ट्रेनों का संचालन तीस जून तक ही होगा। इसके बाद नियमित ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। मगर देश में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने 12 अगस्त तक यथा स्थिति बनाए रखने का फैसला लिया है। साथ ही बोर्ड ने सभी जोन को एक जुलाई से 12 अगस्त के बीच जो भी टिकट नियमित ट्रेनों में बनवाए गए उनका पूरा किराया वापस करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।