सीपरी बाजार में अतिक्रमण साफ किया जाएगा। रविवार को मुनादी कराई जाएगी, इसके बाद सोमवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के बाद यदि किसी ने दोबारा कब्जा किया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
सीपरी बाजार के कारोबारी बीते तीन साल से लगातार नुकसान उठा रहे हैं। ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने से लेकर अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी है। ओवरब्रिज पूरा होने में जून तक का समय लग सकता है। रही-सही कसर हाथ ठेला वाले दुकानदारों ने पूरी कर दी है। स्थिति यह है कि पूरा सीपरी बाजार हाथ ठेला वाले दुकानदारों के अतिक्रमण की चपेट में है। जो दुकानदार हैं, वह हाथ पर हाथ धरे बैठे रहते हैं। शनिवार को व्यापारी नेताओं, नगर निगम और पुलिस अफसरों ने बैठक कर समस्या के समाधान का निर्णय लिया। बताया गया कि सीपरी बाजार में शौचालय का निर्माण न होने से ग्राहकों को परेशान होना पड़ता है। पार्किंग ठेकेदार हाथ ठेला वालों से वसूली करता है, जिससे बेवजह जाम लगता है। यदि नगर निगम अतिक्रमण हटाता है तो व्यापार मंडल सहयोग करेगा।
कोई भी दुकानदार नाली के आगे दुकान का सामान नहीं रखेगा। यदि रखेगा तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। एक बार हाथ ठेला वालों का कब्जा हटाने के बाद यदि दोबारा अतिक्रमण करते हैं तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। आर्यकन्या इंटर कॉलेज रोड पर सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह के आवास तक, कॉलेज बुक डिपो चौराहा से लेकर जर्मनी अस्पताल तक खड़े होने वाले हाथ ठेला वालों का कब्जा हटवाया जाएगा। आज मुनादी कराई जाएगी, ताकि हाथ ठेला वाले अपने-अपने ठेले हटा लें। सोमवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर एसपी सिटी देवेश पांडेय, प्रभारी नगर आयुक्त रोहन सिंह, सीपरी बाजार थानाध्यक्ष अशोक कुमार, व्यापारी नेता संतोष साहू, चौधरी फिरोज समेत अन्य मौजूद रहे।